मुख्य समाचार

बिहार के सीएम ने यूपी के सीएम को लिखा पत्र

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। पत्र में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मभूमि सिताब दियारा के उत्तर प्रदेश क्षेत्र के लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का अनुरोध किया है।

लोकनायक की जन्मभूमि बिहार एवं उत्तर प्रदेश की सीमा के पास गंगा एवं घाघरा नदी के संगम पर बिहार के सारण जिला में स्थित है। बारिश के दिनों में गांव की जमीन के कटाव का खतरा बना रहता है।

मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि सिताब दियारा गांव की बाढ़ से सुरक्षा के लिए घाघरा नदी की ओर से एक रिंग बांध (लगभग 7.5 किमी लंबाई) बनाए जाने की आवश्यकता है। वर्ष 2017-18 में बिहार में लगभग चार किलोमीटर एवं उत्तर प्रदेश में लगभग 3.5 किलोमीटर की लंबाई में रिंग बांध एवं अन्य कटाव निरोधक कार्य शुरू किया गया। बिहार सरकार ने रिंग बांध एवं अन्य सुरक्षात्मक कार्यों को पूरा कर लिया है, लेकिन उत्तर प्रदेश क्षेत्र में कार्य लंबित है।

हाजीपुर-गाजीपुर एनएच 31 से सिताब दियारा तक जाने वाली बीएसटी मुख्य बांध की लंबाई लगभग 6.5 किलोमीटर है। इसमें लगभग 2-3 किलोमीटर की लंबाई में पथ का सुदृढ़ीकरण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य के क्षेत्र में अपूर्ण है। इससे इस क्षेत्र में आवागमन में भी समस्या उत्पन्न होती है।

सिताब दियारा रिंग बांध (बिहार प्रभाग) के अपस्ट्रीम ( लगभग 1175 मीटर लंबाई ) एवं डाउनस्ट्रीम (लगभग 2300 मीटर लंबाई) को बीएसटी मुख्य बांध (बलिया, उत्तर प्रदेश) से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन कार्य अधूरा है। इसे शीघ्र पूरा करना आवश्यक है। इसके अपूर्ण रहने से वहां कटाव एवं बाढ़ का खतरा बना रहता है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया है कि लोकनायक की जन्मभूमि सिताब दियारा क्षेत्र के उपरोक्त कार्याें को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए आवश्यक निर्देश देने की कृपा करें ताकि बाढ़ एवं कटाव के खतरे से गांव को बचाया जा सके।

 

 


संबंधित खबरें