पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कदमकुआं स्थित चरखा समिति जाकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण एवं उनकी धर्मपत्नी प्रभावती को श्रद्धांजलि दी। चरखा समिति में सीएम ने लोकनायक के शयनकक्ष, सभाकक्ष एवं प्रभावती स्मृति कक्ष सहित पूरे परिसर का मुआयना किया और विजिटर्स बुक में अपना संदेश दर्ज किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकनायक की पुण्यतिथि पर हमलोग उनके घर हर साल जाते हैं। गांधी जी, लोहिया और लोकनायक जयप्रकाश के विचारों को लोगों के बीच लाने और उस अनुरूप काम करने की कोशिश कर रहे हैं।
चरखा समिति में निर्माणाधीन उत्पादन सह प्रशिक्षण केंद्र भवन के निर्माण कार्य को मार्च 2023 तक पूरा करने का उन्होंने निर्देश दिया। इस भवन में खादी ग्रामोद्योग संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। तीन मंजिला इस भवन की लागत 6.72 करोड़ रुपए है।

चरखा समिति संपर्क पथ की समुचित मरम्मत एवं भवन के पिछले छोर पर राजेंद्र नगर रोड नंबर एक से जुड़ने वाले मार्ग एवं भवन की चहारदीवारी की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिया गया।
मुख्यमंत्री ने भवन के बगल की गली का नामकरण लोकनायक की पत्नी प्रभावती के नाम पर करने की घोषणा की। भ्रमण के दौरान उन्होंने आसपास के लोगों से इस धरोहर का सम्मान बनाए रखने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त मंत्री, भवन निर्माण एवं शिक्षा मंत्री, महिला चरखा समिति की अध्यक्ष तारा सिन्हा, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पौंड्रिक एवं अन्य अधिकरी मौजूद रहे।