गया। जिले के तेतर जलाशय में गंगाजल के आगमन का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। गंगाजल के आगमन पर सभी लोगों ने पुष्प अर्पित कर नमन किया और ताली बजाकर प्रसन्नता जाहिर की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गयाजी के लिए गंगाजी यहां आ गई हैं। यह कोई मामूली बात नहीं है। चार महीने गंगा का पानी यहां आएगा। शेष आठ महीने के लिए गंगाजल यहीं पर स्टोर होगा। गया, बोधगया, नवादा और राजगीर के लोगों को गंगा नदी का पानी उपलब्ध कराने के लिए यह सब किया जा रहा है। इस योजना पर लगभग साढ़े चार हजार करोड़ राशि खर्च हुई है।
सीएम ने कहा कि गया में पहले पानी की दिक्कत थी। गंगा के पानी का ट्रीटमेंट कर उसे घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। गया जलाशय योजना का नामकरण गंगा जी गया जलाशय योजना कर दिया गया है। लोगों को अपने घर में गंगाजल मिलने से काफी खुशी होगी। गया, बोधगया, राजगीर और नवादा ऐतिहासिक जगह है। इस साल के अंत तक यह कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
उन्होंने अधिकारियो से कहा कि योजना के तहत किए जा रहे कार्यों का मेंटेनेंस ठीक ढंग से करें। जो भी जरूरत होगी, राज्य सरकार उसे पूरा करेगी। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री संजय झा, सचिव संजय अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।