पटना/नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर बिहार सरकार ने दस अक्टूबर को राजकीय शोक घोषित किया है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
82 वर्षीय मुलायम ने गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में सोमवार (दस अक्टूबर) की सुबह आखिरी सांस ली। वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार 11 अक्टूबर को पैतृक गांव सैफई (इटावा) में किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने पूरी लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने उस समय का भी स्मरण किया जब वे रक्षा मंत्री थे। उन्होंने भारत को और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया। मुलायम सिंह के साथ अपने घनिष्ठ संबंध को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह हमेशा उनके विचार सुनने के लिए उत्सुक रहते थे और उनकी बैठकों की तस्वीरें भी साझा करते थे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि मुलायम सिंह यादव जी का निधन राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। वे देश के बड़े समाजवादी नेता थे। एक साधारण किसान परिवार में जन्म लेने वाले मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री बने।
वे स्पष्टवादी, निडर एवं दूरदर्शी नेता थे। आम लोगों के साथ उनका गहरा लगाव था। वे हमेशा अपनी विचारधारा पर अडिग रहे। वे गरीबों के अधिकार के लिए सबसे प्रभावी आवाज में से एक थे। उत्तर प्रदेश एवं देश के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनसे हमारा व्यक्तिगत लगाव था। उनके निधन से मुझे काफी दुख पहुंचा है।