पूर्णिया/पटना। आय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्णिया के एसपी दयाशंकर के कई ठिकानों पर स्पेशल विजिलेंस यूनिट (एसवीयू) ने छापेमारी की है। मंगलवार की सुबह पूर्णिया स्थित सरकारी आवास और दानापुर में करीब सात घंटे तक कार्रवाई हुई। बरामद राशि अधिक होने के कारण नोट गिनने के लिए मशीन मंगवानी पड़ी। हालांकि एसवीयू की टीम ने अब तक बरामद राशि और आभूषण का वास्तविक आंकड़ा नहीं बताया है।

अवैध तरीके से पैसे उगाही मामले में एसपी के रीडर, थानाध्यक्ष संजय सिंह एवं एक पुलिसकर्मी के ठिकानों पर भी छापेमारी हुई है। एसपी दयाशंकर ने रीयल एस्टेट में भी निवेश किया है। एसवीयू ने इस मामले में पटना के कई बिल्डर के परिसरों में भी छापा मारा है।
2014 बैच के आईपीएस दयाशंकर पूर्णिया में जनवरी 2021 से पदस्थापित हैं। दयाशंकर के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थी। विजिलेंस कोर्ट से सर्च वारंट मिलने के बाद कार्रवाई की गई। एसवीयू ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आय से 71 लाख रुपए से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया है।