राजगीर । गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर राजगीर में विशेष समागम तीन से पांच नवंबर तक होगा। आयोजन तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब कमिटी ने किया है। इसमें बाबा महिंदर सिंह यूके वाले भी सहयोग करेंगे।
तख्त साहिब कमिटी के कार्यवाहक अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, उपाध्यक्ष एवं धर्म प्रचार के चेयरमैन लखविंदर सिंह लख्खा, महासचिव इंद्रजीत सिंह, सचिव हरबंस सिंह, गुरुपर्व आयोजन समिति के चेयरमैन सुमित सिंह कलसी एवं वाइस चेयरमैन गुरविंदर सिंह ने राजगीर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
अध्यक्ष ने बताया कि समागम के अंतिम दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुद्वारा साहिब के नए दीवान हॉल एवं सराय का उद्घाटन करेंगे। तीन नवंबर से अखंड पाठ साहिब शुरू होगा। विशेष दीवान भी सजाए जाएंगे। कीर्तन जत्था गुरुवाणी के मनोहर कीर्तन से संगतों को निहाल करेंगे।
जगजोत सिंह सोही ने कहा कि तख्त साहिब से संगत को लाने ले जाने के लिए बसों का प्रबंध किया गया है। संगत के लिए राजगीर में 23 कमरे बनाए गए हैं। तीन दिनों तक लंगर की पूरी व्यवस्था रहेगी।