पटना। बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति से चयनित 9469 स्वास्थ्यकर्मियों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया। कर्मियों की नियुक्ति ए.एन.एम. काउंसलर, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर, स्वास्थ्य प्रबंधक, जिला एवं प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक और प्रखंड लेखापाल के पदों पर हुई है। कार्यक्रम का आयोजन बापू सभागार में किया गया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की 24 योजनाओं का उद्घाटन किया। बक्सर जिला के डुमरांव एवं बेगूसराय में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का शिलान्यास और डिजिटल हेल्थ योजना का शुभारंभ भी किया।
मानव संसाधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने के लिए राजेश कुमार, शिवनारायण झा, रोहिता बरियार, सौम्या राज, निशा कुमारी एवं धनंजय कुमार को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को डिप्टी सीएम सह स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव एवं अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भी संबोधित किया।