पटना। माता-पिता की निःस्वार्थ सेवा के लिए श्रवण कुमार पुरस्कार की घोषणा महावीर मंदिर, पटना ने कर दी है। वर्ष 2022 के लिए आठ व्यक्तियों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया। महावीर मंदिर वर्ष 2010 से श्रवण कुमार पुरस्कार दे रहा है।
पहला पुरस्कार जहानाबाद जिले के केवाली वीरपुर गांव निवासी चंदन कुमार साह एवं उनकी पत्नी रानी देवी को मिला है। छठ पूजा के बाद इन्हें एक लाख राशि एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
चंदन अपने माता-पिता को कांवर की बनी बहंगी से सुल्तानगंज से देवघर ले गए। उन्हें भगवान बैद्यनाथ का दर्शन कराया। इस कार्य में उनकी पत्नी ने भी साथ दिया। इसकी काफी चर्चा हुई थी।
दूसरे पुरस्कार के लिए पटना जिला के विक्रमगंज निवासी अरुण कुमार सिंह का चयन किया गया है। वे अपने 90 वर्षीय वृद्ध पिता की सेवा निःस्वार्थ भाव से कर रहे हैं। इन्हें पचास हजार राशि दी जाएगी।
तीसरे पुरस्कार के लिए समिति ने पालीगंज के राजनंदन सिंह और दरभंगा के अशोक साहू का चयन किया है। दोनों को पच्चीस हजार राशि मिलेगी। इनके अतिरिक्त प्रोत्साहन पुरस्कार चार लोगों को देने निर्णय लिया गया।
चयन समिति की अध्यक्षता पूर्व मुख्य सचिव विजय शंकर दूबे ने की। बैठक में रिटायर्ड ले. जनरल एके चौधरी, पूर्व कुलपति प्रो. रास बिहारी सिंह एवं किशोर कुणाल शामिल हुए।