पटना। राज्य के सूखाग्रस्त जिलों के प्रत्येक किसान परिवार को 3500 रुपए की विशेष सहायता राशि राज्य सरकार दे रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 11 जिलों के 2 लाख 4 हजार 280 लाभुकों के लिए 71 करोड़ 49 लाख 80 हजार राशि जारी की। उन्होंने छठ से पहले सभी प्रभावित परिवार के खातों में राहत राशि भेजने का निर्देश दिया।
सूखाग्रस्त जिलों भागलपुर, बांका, नालंदा, गया, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, मुंगेर, शेखपुरा, लखीसराय एवं जमुई के अधिकारियों से मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी प्रभावित परिवार छूटे नहीं, इसका ख्याल रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनियमित एवं कम बारिश के कारण उत्पन्न सुखाड़ की स्थिति की लगातार समीक्षा की गयी। कृषि विभाग को पूरी स्थिति का आकलन कर प्रभावित प्रखंड, पंचायत, गांव एवं टोलों को चिन्हित करने का निर्देश था। इस आधार पर प्रभावित परिवार को विशेष सहायता राशि दी जा रही है। इससे किसानों को राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, आपदा प्रबंधन मंत्री शाहनवाज, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, कृषि एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 11 जिलों के डीएम एवं लाभुक भी जुड़े हुए थे।