पटना। मोकामा और गोपालगंज विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव तीन नवंबर को होने जा रहा है। पटना एवं गोपालगंज प्रशासन ने उपचुनाव की तैयारी पूरी कर ली है। मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक है। मतगणना छह नवंबर को होगी।
सामान्य प्रशासन विभाग ने मतदान तिथि को मोकामा और गोपालगंज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के अंतर्गत है। श्रम संसाधन विभाग ने भी सभी कारखाना एवं प्रतिष्ठानों से अधीनस्थ कर्मचारियों को वेतन के साथ मतदान का अवसर देने का निर्देश दिया है।
पटना के डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह सिंह एवं एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार उपचुनाव एवं मतगणना कार्य शांतिपूर्ण ढंग से किया जाएगा। इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। मोकामा विधानसभा क्षेत्र के लिए मतगणना केंद्र आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय में बनाया गया है।