पटना। नशामुक्त बिहार के लिए दौड़ का आयोजन छह नवंबर को किया गया है। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, मध निषेध एवं निबंधन विभाग और जिला प्रशासन ने दौड़ का आयोजन किया है। दौड़ सुबह छह बजे पटना के गांधी मैदान गेट नंबर एक से मरीन ड्राइव के लिए शुरू होगी।
मैराथन दौड़ में लगभग एक हजार प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। सफल आयोजन के लिए बिहार एथलेटिक्स संघ ने पचास तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। दौड़ दो श्रेणियों में होगी। पहली श्रेणी में पांच किलोमीटर की दौड़ होगी। इसमें सोलह साल से कम आयु के बालक एवं बालिकाएं शामिल होंगे।
दूसरी श्रेणी में सोलह वर्ष से अधिक आयु के महिला एवं पुरुष दस किलोमीटर की दौड़ में भाग लेंगे। दोनों श्रेणियों में पहले स्थान से लेकर दसवें स्थान तक आने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप नगद राशि दी जाएगी।