पटना। गुरु नानक देव के 554वें प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तख्त श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मत्था टेक कर राज्य की समृद्धि की कामना की। उन्होंने सालस राय जौहरी दीवान हॉल का भी उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा मोहिंदर की कृपा से यहां सब कुछ अच्छे ढंग से बन गया है। इनके प्रयास से राजगीर में शीतल कुंड गुरुद्वारा भी भव्य बन गया है। बाबा मोहिंदर की देखरेख में बिहार समेत देश के कई हिस्सों में बेहतरीन गुरुद्वारों का निर्माण हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना साहिब जगह काफी महत्वपूर्ण है। यहां सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह जी का जन्म हुआ था। सिखों के पहले से दसवें गुरु की पूरी जानकारी यहां उपलब्ध है। नई पीढ़ी के लोगों को यह सब जानने में बहुत सहूलियत होगी। बाहर से आने वालों के लिए कई जगहों पर अतिथिशाला का निर्माण करवाया गया है। इस मौके पर राज्य सरकार के मंत्री विजय चौधरी, जमा खां एवं संजय झा भी मौजूद रहे।

तख्त पटना साहिब कमिटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही ने बताया कि गुरुपर्व के उपलक्ष्य में विशेष दीवान का आयोजन किया गया है। गुरुवाणी कीर्तन निरंतर चल रहा है। तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार भाई बलदेव सिंह ने अरदास की। अमृत संचार कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
जगजोत सिंह सोही ने बाबा मोहिंदर सिंह एवं इंद्रजीत सिंह के प्रति विशेष आभार प्रकट किया। बिहार गुरुद्वारा कमेटी के सूरज सिंह नलवा, महाराजा सिंह सोनू, दीपक लांबा, सुपरीटेंडेंट दलजीत सिंह, अमृतपाल सिंह बब्बू एवं मेजर चावला सहित कई लोग मौजूद रहे।