सोनपुर। छपरा जिला के प्रसिद्ध सोनपुर मेला में कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने किया। इस मौके पर कृषक हितकारी हमारी योजनाएं पुस्तक का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री जीतेंद्र कुमार राय, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के विशेष सचिव, रवींद्र नाथ राय, कृषि निदेशक डॉ आदित्य प्रकाश एवं उद्यान निदेशक नंद किशोर समेत कई किसान मौजूद रहे।
कृषि प्रदर्शनी के उद्घाटन के मौके पर कृषि मंत्री ने कहा कि आज जहां लोक संस्कृति विलोपित होती जा रही है, वहीं सोनपुर मेला अपनी पौराणिक धरोहर को जीवंत बनाये रखा है। आज भी सोनपुर मेला पशु मेला के रूप में विश्व प्रसिद्ध है।

उन्होंने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि प्रकृति ने बिहार को उपजाऊ मिट्टी और प्रचुर जल संसाधनों का वरदान दिया है। सब्जी, मधु, मशरुम, मखाना, लीची, अनानास,आम,केला,अमरूद,गन्ना एवं जूट पैदा करने में हम काफी आगे हैं।
राज्य के किसानों को खरीफ मौसम में काफी कठिनाई हुई है। इसका सीधा असर धान की खेती पर पड़ा है। 35 लाख हेक्टेयर में धान की खेती लक्ष्य के विरूद्ध मात्र 30.72 लाख हेक्टेयर में खेती हो सकी है। किसानों की सहायता के लिए राज्य सरकार डीजल अनुदान दे रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि कुछ जिलों में धान की कटाई के बाद खेत में पुआल जलाने की समस्या लगातार बढ़ रही है। इससे वातावरण प्रदूषित होने के साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी खत्म हो रही है। सरकार ऐसी घटना को रोकने के लिए सजग है। किसानों को सही समय और सही दाम पर खाद दिलाने की भी कोशिश जारी है।