पटना। उद्योग मंत्री समीर महासेठ ने कहा कि दानापुर स्थित एस. ब्रिक्स फर्म पर आयकर विभाग की कार्रवाई हुई है। इस फर्म से मेरा कोई संबंध नहीं है। यह फर्म मेरे रिश्तेदार (साले) जीतेंद्र की है। इसमें मेरा कोई निवेश नहीं है।
उन्होंने बताया कि आयकर विभाग ने एस. ब्रिक्स फर्म के खिलाफ पहले नोटिस जारी किया था। रिश्तेदार होने की वजह से जांच के सिलसिले में अधिकारी मेरे आवास भी आए थे। यह मामला न तो मुझसे संबंधित है और न ही मेरे परिसर की तलाशी ली गई है। हमारा परिवार लंबे समय से इनकम टैक्स दे रहा है। मेरे पिताजी टैक्स कंसलटेंट रह चुके हैं।
उद्योग मंत्री ने कानून पर भरोसा जताते हुए कहा है कि कहा कि दानापुर स्थित फर्म मात्र दस साल पुराना है जबकि पटना में मेरी कंपनी चालीस साल से है। आज तक हमें विभाग की ओर से कोई नोटिस नहीं मिला है।
वित्तीय लेनदेन में गड़बड़ी मामले में आयकर विभाग ने 17 नवंबर की सुबह से उद्योग मंत्री एवं एस. ब्रिक्स फर्म के सभी निदेशकों के ठिकानों पर सर्च अभियान शुरू किया है। अभियान स्काडा बिजनेस सेंटर, दानापुर, पाटलिपुत्र कॉलोनी एवं अन्य ठिकानों पर जारी रहा।