मुख्य समाचार

जरूरत से कम मिल रही खाद, मंत्रालय का दावा कोई कमी नहीं

पटना/नई दिल्ली। किसानों को रबी फसल की बुआई के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद (उर्वरक) नहीं मिल रही है। इस कारण किसान परेशान हैं। समीक्षा के दौरान कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने कहा कि बिहार को आवश्यकता से कम मात्रा में खाद उपलब्ध कराई गई है। रबी मौसम में किसानों की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है। बिहार में उर्वरक की कम आपूर्ति पर चिंता जाहिर करते हुए मंत्री ने रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय को इस स्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया है।

रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय का कहना है कि देश में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। रबी सीजन 2022-23 की जरूरतों को पूरा करने के लिए भारत सरकार सभी राज्यों को जरूरत के अनुरूप उर्वरक भेज रही है। इसके बाद संबंधित राज्य सरकारों की यह जिम्मेदारी है कि वे अपने राज्य में उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करें।

बिहार में खाद की जरूरत एवं आपूर्ति : नवंबर माह में अब तक यूरिया की कुल जरूरत 2,55,000 मीट्रिक टन है, लेकिन 89,885.42 मीट्रिक टन (मात्र 37 प्रतिशत) की आपूर्ति की गई है। डीएपी की कुल आवश्यकता 1,22,300 मीट्रिक टन के विरुद्ध 79,918.95 मीट्रिक टन (70 प्रतिशत), एनपीके की 58,300 मीट्रिक टन के विरुद्ध 34,080.15 मीट्रिक टन (66 प्रतिशत) एवं एमओपी की कुल जरूरत 56,000 मीट्रिक टन के विरुद्ध 17,473.95 मीट्रिक टन (14 प्रतिशत ) की आपूर्ति की गई है।  

समीक्षा बैठक में कृषि सचिव डॉ एन. सरवण कुमार, कृषि निदेशक डॉ आदित्य प्रकाश, अपर निदेशक धनंजयपति त्रिपाठी, संयुक्त कृषि निदेशक शंकर कुमार चौधरी एवं उप निदेशक मनोज कुुमार मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें