पटना। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में अति पिछड़ों को अगर न्याय नहीं मिला, तो पार्टी कोर्ट जाएगी। राज्य सरकार पर निकाय चुनाव में ईबीसी आरक्षण पर गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में डॉ जायसवाल ने कहा कि सरकार शुरू से ही इस मामले में लापरवाही कर रही है। सुप्रीम कोर्ट एवं हाईकोर्ट के ट्रिपल टेस्ट संबंधी दिशा निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई नहीं की गई है। इस कारण चुनाव में ईबीसी आरक्षण पर अभी भी संशय की स्थिति बनी हुई है ।
सरकार ने खानापूर्ति के लिए एक पुराने संकल्प के आधार पर आनन-फानन में अतिपिछड़े वर्गों के लिए राज्य आयोग (ईबीसी आयोग) का गठन तो कर दिया, लेकिन यह आयोग न डेडिकेटेड है और न इंडिपेंडेंट है। इस आयोग के सभी लोग जदयू या राजद से हैं। इस कारण आयोग स्वतंत्र रूप से कार्य नहीं कर रहा है।
