समस्तीपुर। पटना से समस्तीपुर जांच के लिए पहुंचे सीआईडी के एडीजी जीतेंद्र कुमार को स्थानीय कारोबारियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। शहर में एक दिन पहले दो अलग-अलग घटनाओं में 1.30 करोड़़ की लूट हुई थी। इन घटनाओं से आक्रोशित कारोबारियों ने पटेल गोलंबर के समीप एडीजी की एस्कॉर्ट टीम को लंबे समय तक रोक दिया। सीआईडी की डीआईजी गरिमा मलिक भी एडीजी के साथ थीं।

इस दौरान व्यापारियों ने बढ़ते अपराध को लेकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क जाम के कारण समस्तीपुर-पटना मार्ग बाधित रहा। कारोबारियों के आक्रोश को देखते हुए एसपी हृदय कांत प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनाओं के शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया। कारोबारियों ने कहा कि यदि 48 घंटे में मामले का खुलासा नहीं हुआ, तो वे फिर प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।
अपराधियों ने छह दिसंबर को समस्तीपुर के हीरा ज्वेलर्स से एक करोड़ के आभूषण लूट लिए। उसी दिन भोला टॉकीज के मालिक के आवास से नगद और आभूषण समेत तीस लाख की लूट हुई थी।