मुख्य समाचार

सर्विस सेक्टर से जुड़े कारोबारियों पर विभाग की कड़ी नजर

पटना। बिहार में सर्विस सेक्टर से जुड़े व्यवसायियों पर वाणिज्य-कर विभाग की कड़ी नजर है। इस सेक्टर से विभाग को जितना टैक्स मिलना चाहिए, वह नहीं मिल पा रहा है। जबकि इस क्षेत्र से जीएसटी की काफी संभावनाएं हैं।

बैंक्वेट एवं मैरेज हॉल, फूड कैटरिंग, वीडियोग्राफी, डेकोरेशन, टेंट हाउस, रियल एस्टेट, कोचिंग संस्थान एवं सिक्यूरिटी सर्विस से जुड़े व्यवसायी अपने कारोबार के अनुसार टैक्स का भुगतान नहीं कर रहे हैं। इनमें अधिकतर व्यवसायी अनिबंधित हैं।  

वाणिज्य-कर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि टैक्स चोरी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो रही है। विभाग सभी जगह से आंकड़े एकत्र कर उनका समुचित विश्लेषण एनालिटिक्स टूल के माध्यम से कर रहा है।

पूरे राज्य में बैंक्वेट एवं मैरेज हॉल, प्राइवेट कोचिंग संस्थान एवं रियल एस्टेट संचालकों पर कार्रवाई की गई है। जांच में पाया गया कि अधिकतर जीएसटी अधिनियम के तहत अनिबंधित हैं। कई संचालकों ने निबंधन रद्द करा लिया है और कई काफी कम टैक्स जमा कर रहे हैं।

पटना समेत कई जिलों के बैंक्वेट एवं मैरेज हॉल की प्रारंभिक कार्रवाई में लगभग तीस करोड़ टैक्स चोरी की जानकारी मिली है। बैंक्वेट एवं मैरेज हॉल पर 18 प्रतिशत जीएसटी है। वाणिज्य-कर मंत्री ने सभी करदाताओं से अपील की है कि वे टैक्स का सही भुगतान कर राज्य के विकास में सहभागी बनें।

 

 


संबंधित खबरें