पटना/नई दिल्ली। मुजफ्फरपुर में कैंसर हॉस्पिटल का निर्माण जनवरी, 2023 से शुरू हो जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने 198.15 करोड़ राशि स्वीकृत की है। यह निर्माण टाटा कैंसर हॉस्पिटल के सहयोग से होगा। राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के एक प्रश्न के जवाब में प्रधानमंत्री कार्यालय के मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अस्पताल निर्माण के लिए एजेंसी का चयन कर लिया गया है। जनवरी, 2023 में काम शुरू होगा। अब तक 6.25 करोड़ राशि खर्च की गई है। वर्तमान में सीएसआर एवं समाज सेवियों के सहयोग से मॉड्यूलर अस्पताल चल रहा है।
प्रतिदिन 200 मरीज आ रहे हैं। पिछले दो वर्षों से शल्य, चिकित्सा, निवारक, प्रशामक कैंसर और प्रयोगशाला सेवाएं दी जा रही हैं। प्रस्तावित अस्पताल में सर्जिकल, मेडिकल, रेडिएशन, प्रीवेंटिव एवं पेलिएटिव समेत सभी कैंसर चिकित्सा की व्यवस्था रहेगी।