पटना। बक्सर जिला से आए एक किसान ने जनता दरबार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कहा कि कर्मनाशा नदी से बालू के अवैध उत्खनन पर रोक लगायी जाए। इसका असर हमलोगों की खेती पर पड़ रहा है। हमलोग काफी परेशान हैं। मुख्यमंत्री ने खान एवं भूतत्व विभाग को समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया। राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे 77 लोगों की समस्याओं को मुख्यमंत्री ने सुना।
लखीसराय जिला से आए एक किसान ने मुख्यमंत्री से कहा कि मेरी दो बीघा जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। थाने में शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। नालंदा जिला से आए फरियादी ने कहा कि गांव के आहर की खुदाई अवैध तरीके से हो रही है। पेड़ों को नष्ट किया जा रहा है।
भागलपुर जिला से आयी एक महिला ने कहा कि मेरी निजी जमीन पर नल-जल योजना के तहत पानी टंकी बना दिया गया है। शिकायत करने पर मारपीट की जाती है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को उचित कार्रवाई का निर्देश दिया।