मुख्य समाचार

सुशील मोदी साथ में रहते, तो यह नौबत नहीं आती : सीएम

पटना। भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी से संबंधित प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम उनकी बहुत इज्जत करते हैं। अगर सुशील मोदी साथ में रहते, तो एनडीए से अलग होने की नौबत नहीं आती। पार्टी में उन्हें कुछ जगह मिल जाए, तो यह अच्छा ही होगा। ज्ञान भवन में जल-जीवन-हरियाली दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों से बात कर रहे थे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पटना आगमन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पार्टी को घूमने का अधिकार है। वे अपनी पार्टी की ओर से यहां आए हैं। उससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हमारी भी समाधान यात्रा चार जनवरी से शुरू हो रही है। मेरी यात्रा का उद्देश्य हर जगह जाकर विकास कार्यों को देखना और लोगों से रू-ब-रू होना है।

राजद नेता सुधाकर सिंह से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो इस तरह की बातें करते हैं। आप उन्हीं से पूछ लीजिए। हम इस तरह की बातों को नोटिस नहीं लेते हैं। कोई क्या बोलता है, यह तो वही लोग बताएंगे। यह उनकी पार्टी की इंटरनल बात है। जब सभी पार्टी के लोग मिलकर काम करते हैं और कोई एक पार्टी के लोग कुछ बोलते हैं तो इस पर संबंधित पार्टी वाले ही बताएंगे।

प्रशांत किशोर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम उन जैसे लोगों का कोई नोटिस नहीं लेते हैं। कुछ लोगों के बारे में हम चर्चा ही नहीं करते हैं। इनलोगों के बारे में हमसे मत पूछिए।

नये साल में विपक्ष को एकजुट करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम हर तरह से काम कर रहे हैं। विपक्ष के विभिन्न दलों के साथ हमारी बातचीत हो रही है। विपक्ष के सभी दलों को एकजुट करने का प्रयास होगा। अभी तो हम क्षेत्र में घूमने जा रहे हैं फिर सभी लोगों से बातचीत होगी।

भाजपा की 2024 की तैयारी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अपनी तैयारी कर रहे हैं। इससे हमलोगों का क्या लेना-देना। इनलोगों को देश के लिए कोई काम नहीं करना है। अपने लिए काम करना है। यही तो इस पार्टी का काम है। अब तो हम इनसे अलग हो गए हैं।

कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनकी पार्टी का कार्यक्रम है। हर पार्टी को यात्रा करने का अधिकार है। जब वे अपनी पार्टी का कार्यक्रम कर लेंगे तब हम उनलोगों के साथ बैठकर कैसे तालमेल होगा, यह सब तय करेंगे।

 


संबंधित खबरें