पटना। कृषि विभाग से प्रकाशित बिहार कृषि डायरी, 2023 का विमोचन कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने किया। डायरी में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रम की जानकारी को समाहित किया गया है। साथ ही विभागीय पदाधिकारियों का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध है।
कृषि मंत्री ने कहा कि यह डायरी विभागीय पदाधिकारी एवं प्रसार कार्यकर्ताओं के लिए काफी सूचनाप्रद साबित होगी। इस डायरी को मुख्यालय से लेकर पंचायत स्तर तक के सभी पदाधिकारी एवं प्रसार कर्मियों को उपलब्ध कराया जायेगा। किसान हित में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के विकास के लिए चौथे कृषि रोड मैप का काम शुरू हो रहा है।
उन्होंने कहा कि नैनो यूरिया की उपयोगिता के बारे में किसानों को जागरूक किया जायेगा। इससे यूरिया पर होने वाले व्यय को कम करने में सहायता मिलेगी। नैनो यूरिया (तरल) विश्व का पहला स्वदेशी नैनो उर्वरक है। यह पूर्णतः सुरक्षित है। इसके उपयोग से वायु, जल और मिट्टी प्रदूषण में कमी आएगी। इसके उपयोग से फसलों में कीट एवं रोग के प्रभाव को कम किया जा सकता है। नैनो यूरिया का परिवहन एवं भंडारण किफायती है।
इस अवसर पर कृषि विभाग के सचिव डॉ एन. सरवण कुमार, विशेष सचिव रवींद्र नाथ राय, कृषि निदेशक डॉ आदित्य प्रकाश एवं कई पदाधिकारी मौजूद रहे।