मुख्य समाचार

बक्सर में दो बार हुई हमले की कोशिश : अश्विनी चौबे

पटना। केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि मेरे संसदीय क्षेत्र बक्सर में 24 घंटे के अंदर दो बार हमले का प्रयास किया गया। चौसा में हुई हिंसक घटनाओं को किसानों को बदनाम करने की साजिश बताते हुए कहा कि इस षड्यंत्र का खुलासा होना चाहिए।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में उन्होंने कहा कि किसानों पर हुए पुलिसिया जुर्म और चौसा में हुई हिंसक घटनाओं के विरोध में वे जब बक्सर में 24 घंटे के उपवास पर थे, तब उनपर हमले की कोशिश की गई। कल रात भी दुर्घटना हुई। वे बाल-बाल बच गए, लेकिन पुलिस के जवानों को चोट आई है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ही बक्सर के परशुराम चतुर्वेदी के निधन की खबर आ गई। इसके बाद केंद्रीय मंत्री फूट फूटकर रोने लगे। उन्होंने कहा चतुर्वेदी चार दिनों से मेरे साथ थे। उपवास कार्यक्रम में भी वे साथ बैठे थे। उनका निधन मेरी व्यक्तिगत क्षति है। इस दौरान प्रदेश मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा, प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभु ,प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिंह, अशोक भट्ट एवं राजेश कुमार झा भी मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें