पटना। शूरवीर महाराणा प्रताप की प्रतिमा का लोकार्पण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। प्रतिमा फ्रेजर रोड स्थित एसपी वर्मा रोड के मुहाने पर स्थित पार्क में है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष नौ मई को महाराणा प्रताप के जन्मदिन पर राजकीय समारोह का आयोजन होगा।

19 जनवरी को उनकी मृत्यु हुई थी। देश में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है। अपने समय में उन्होंने लोगों के हित में काफी काम किया था। नई पीढ़ी के लोगों को महाराणा प्रताप के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए। इस जगह पर जिस तरफ से भी लोग आयेंगे, उनकी प्रतिमा को देखेंगे। इस कारण हमलोगों ने इस जगह का चुनाव किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराणा प्रताप के शासन के समय एक महिला को गिरफ्तार किया गया था। इस पर महाराणा प्रताप ने कहा था कि महिला को क्यों गिरफ्तार किया गया है, उसे छोड़ दो। यह बहुत बड़ी बात है। हमलोग हमेशा से कहते रहे हैं कि महिलाओं के हित में काम होना चाहिए। इस अवसर पर डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव एवं राज्य सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहे।
