मुख्य समाचार

केंद्र सरकार ने लोन लेने पर भी लगा रखी है रोक : सीएम

पटना। विकास कार्यों के लिए बिहार सरकार लोन लेना चाहती है, लेकिन केंद्र सरकार ने रोक लगा रखी है। जो गरीब राज्य है, वह कर्ज भी नहीं ले सकता है। फिर वह आगे कैसे बढ़ेगा। इसके पहले केंद्र सरकार हस्तक्षेप नहीं करती थी। हमलोग बिहार के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। ए.एन.कॉलेज परिसर में सत्येंद्र नारायण सिन्हा की प्रतिमा के अनावरण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ये बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट से बिहार को क्या मिलेगा, वह समय आने पर पता चलेगा। हमलोगों के पास जो भी संसाधन है। उसी आधार पर विकास कार्य कर रहे हैं। केंद्र सरकार को देखना चाहिए कि हर राज्य का विकास हो। बिहार के विकास के लिए विशेष राज्य का दर्जा देने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

रेल बजट को अलग से पेश करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम तो ऐसा चाहते ही हैं। आपलोग पहले का रेल बजट देख लीजिए। सब पता चल जाएगा। जब रेल बजट होता था, तो आम बजट से भी ज्यादा देर इस पर बहस होती थी। लोकसभा एवं राज्यसभा के सभी सदस्य एक-एक चीज पर बहस करते थे।

आपकी पार्टी के कुछ लोग भाजपा के संपर्क में हैं। इस सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे लोगों को कहिए कि खूब खुशी मनाएं। वे लोग ऐसे ही फालूत का प्रचार करते हैं। पहले की तुलना में पार्टी का मेंबरशिप बढ़ा है। बिहार में पहले 45 लाख सदस्य थे। इस बार 75 लाख हो गया है।

 


संबंधित खबरें