पटना। जदयू नेता एवं विधान पार्षद उपेंद्र कुशवाहा के ट्वीट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पार्टी में वे रहें तो बहुत अच्छा। यदि कहीं और जाएं तो यह उनकी इच्छा। यदि उनके मन में कोई बात है तो इस संबंध में मीडिया के सामने और ट्वीट के माध्यम से बात नहीं की जाती है। पार्टी के अंदर कोई बात है, तो आपस में बैठकर बात होनी चाहिए।
जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने 25 जनवरी को ट्वीट में कहा था कि बड़ा अच्छा कहा भाई साहब आपने। ऐसे बड़े भाई के कहने पर छोटा भाई घर छोड़कर जाने लगे तब तो हर बड़का भाई अपने छोटका को घर से भगाकर बाप-दादा की पूरी संपत्ति अकेले हड़प ले। ऐसे कैसे चले जाएं अपना हिस्सा छोड़कर।
गांधी मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि मीडिया में बात आ रही है और वे ट्वीट कर रहे हैं तो जरूर कोई बात होगी। महागठबंधन बना है। हमलोग सभी साथ हैं। तीन बार जदयू छोड़ने के बाद उपेंद्र कुशवाहा फिर पार्टी में लौटकर आए। सबने उन्हें इज्जत दी।
पटना हाईकोर्ट के अनुदान लेनेवाले मदरसों की जांच के आदेश पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोर्ट का कोई आर्डर होता है तो सभी चीजों को देखा जाता है। जितने मदरसों को मान्यता मिली है। सबकी मदद राज्य सरकार कर रही है। अगर कोई कोर्ट गया है और कोर्ट का जो आर्डर है। उसे देखा जाएगा।