पटना। बिहार की 243 विधानसभा क्षेत्रों के लिए निर्वाचक सूची (वोटर लिस्ट) का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। एक जनवरी, 2023 के आधार पर राज्य में निर्वाचकों की कुल संख्या 7 करोड़ 58 लाख 13 हजार 806 है। इनमें पुरुष निर्वाचक 3 करोड़ 97 लाख 88 हजार 469, महिला निर्वाचक 3 करोड़ 60 लाख 22 हजार 919 एवं थर्ड जेंडर 2418 हैं।
बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 9 नवंबर, 2022 को प्रारूप प्रकाशन के बाद निर्वाचक सूची में 8,89,438 निर्वाचकों का नाम जोड़ा गया है। 3,04,322 का नाम नियमानुसार विलोपित किया गया है। इस तरह निर्धारित अवधि में निर्वाचकों की संख्या में 5,85,116 वृद्धि हुई है।
इनमें पुरुष निर्वाचकों की संख्या में 2,39,456, महिला निर्वाचकों में 3,45,599 एवं तीसरे लिंग के निर्वाचकों में 61 की वृद्धि हुई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अब निर्वाचक सूची में रजिस्ट्रेशन के लिए निर्धारित तिथि एक जनवरी के अतिरिक्त एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर भी होगी। निर्वाचक सूची में आवेदन के लिए ऑनलाइन एंव ऑफलाइन दोनों सुविधा उपलब्ध है।
ऑनलाइन सुविधा वोटर हेल्पलाइन एप अथवा nvsp.in पर लॉग इन कर प्राप्त की जा सकती है। ऑफलाइन आवेदन के लिए अपने प्रखंड, अनुमंडल या जिला निर्वाचन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। विशेष जानकारी मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर भी उपलब्ध है।