मुख्य समाचार

बजट में हर वर्ग का रखा गया है ख्याल : संजय जायसवाल

पटना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने केंद्रीय बजट 2023-24 को अभूतपूर्व बताया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में समाज के हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। बजट के प्रावधानों से बिहार जैसे विकासशील राज्यों को भी काफी लाभ मिलेगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि भारतीय अर्थव्यस्था के आकार में पिछले नौ वर्षों में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। संसद में पेश बजट बढ़ते भारत की इसी गति को और तेज करने वाला है। उन्होंने कहा कि सबसे दुखद बात यह है कि मुख्यमंत्री जी को पता ही नहीं है कि बजट में क्या है। फिर वे इस बजट की योजनाओं का लाभ बिहार के लिए कैसे ले पाएंगे।

बजट में कर मुक्त आय की सीमा पांच लाख से बढ़ाकर सात लाख कर दी गई है। इसका सीधा लाभ देश के करोड़ों मध्यम आय वाले परिवारों को होगा। बजट में निश्चित किया गया है कि देश में कोई भूखा न सोए। इसलिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजनाएक साल के लिए बढ़ा दी गई है। पीएम आवास योजना के लिए परिव्‍यय 66 प्रतिशत बढ़ाकर 79,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

सरकार अगले तीन वर्षों में एक करोड़ किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्‍साहित करेगी। युवा उद्यमी ग्रामीण क्षेत्रों में एग्री-स्‍टार्टअप्‍स शुरू कर सकें। इसके लिए कृषिवर्धक निधि की स्‍थापना की जाएगी। कृषि ऋण के लक्ष्‍य को पशुपालन, डेयरी और मत्‍स्‍य उद्योग को ध्‍यान में रखते हुए 20 लाख करोड़ रुपये तक बढ़ाया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि कोरोना से प्रभावित छोटे और मझोले उद्योगों को राहत एवं विवादों के निपटारे के लिए स्वैच्छिक समाधान योजना लाई जाएगी। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना का चौथा फेज लांच किया जाएगा।

बजट में बुजुर्गों का ख्याल रखते हुए वरिष्ठ नागरिक खाता स्कीम की सीमा अब 4.5 लाख से बढ़ाकर 9 लाख करने की भी घोषणा की गयी है। साथ ही रेलवे के लिए 2.40 लाख करोड़ रुपए के पूंजीगत परिव्यय का प्रावधान किया गया है। यह अब तक का सबसे बड़ा आवंटन है।

 


संबंधित खबरें