किशनगंज। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिले के भेड़ियाडांगी, खगड़ा स्थित रेशम कपड़ा बुनाई केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने पावरलूम मशीन से तैयार किए जा रहे कपड़े के निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी ली। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री से कहा कि हमलोगों को इससे काफी लाभ हो रहा है। अब हमलोग आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन गये हैं।
समाधान यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने किशनगंज जिले में चल रही विकास योजनाओं का जायजा लिया। ग्रामीण विकास विभाग के सचिव बालामुरुगन डी ने मुख्यमंत्री कोशी मलबरी परियोजना एवं जीविका दीदियों ने शहतूत के पौधे, रेशम के कीड़े, मलबरी के बीज और रेशम धागे से बनाए जाने वाले कपड़े की निर्माण प्रक्रिया की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री ने प्राथमिक विद्यालय, भेड़ियाडांगी में मौजूद स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत उन्होंने सार्वजनिक तालाब का उद्घाटन किया और तालाब में मछली और बत्तख भी छोड़े। इस दौरान राज्य सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी, संजय कुमार झा, अशोक चौधरी, जमा खान, लेशी सिंह, सुमित कुमार सिंह एवं शाहनवाज मौजूद रहे।