मुख्य समाचार

नैनो यूरिया प्लांट का गृह मंत्री ने किया शिलान्यास

देवघर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देवघर के जसीडीह औद्योगिक क्षेत्र में इफको के तरल नैनो यूरिया प्लांट का शिलान्यास किया। 30 एकड़ में बन रहा यह प्लांट झारखंड के साथ बिहार, उड़ीसा और बंगाल के किसानों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।

इस मौके पर केंद्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि पांच सौ ग्राम की एक छोटी सी नैनो यूरिया की बोतल यूरिया के एक पूरे बैग का विकल्प बनेगी। देवघर यूनिट का निर्माण हो जाने से प्रतिवर्ष लगभग छह करोड़ तरल यूरिया की बोतलों का निर्माण होगा। इससे आयात पर हमारी निर्भरता कम होगी।

भूमि सरंक्षण के लिए तरल यूरिया बहुत जरूरी है। तरल यूरिया का छिड़काव करने पर फसल उत्पादन में वृद्धि होगी। रसायन उर्वरक जहां भूमि में मौजूद कुदरती खाद बनाने वाले केचुओं को मार देता है, वहीं तरल यूरिया का छिड़काव करने पर भूमि को किसी तरह का नुकसान नहीं होगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों की सहकारिता से बने इफको ने विश्व में पहला तरल नैनो यूरिया बनाया है। अब यह डीएपी की ओर आगे बढ़ रहा है। यह भारत और पूरे सहकारिता क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। सहकारिता को बढ़ावा देने के लिए बजट में कई योजनाओं की घोषणा की गई है। इसके तहत नई सहकारिता यूनिट के लिए आयकर दर 26 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत कर दी गयी है।

इस मौके पर सांसद निशिकांत दुबे, इफको के अध्यक्ष दिलीप संघानी, उपाध्यक्ष बलवीर सिंह एवं एमडी उदय शंकर अवस्थी भी मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें