मुख्य समाचार

चांदी से मछली बनाने के लिए मशहूर है बांका का मनिया गांव

बांका। कटोरिया प्रखंड का मनिया गांव चांदी से मछली बनाने के लिए प्रसिद्ध है। इस कारोबार में यहां से काफी लोग जुड़े हुए हैं। जिला औद्योगिक नवप्रवर्तन योजना के अंतर्गत मनिया गांव की पहचान क्लस्टर के रूप में हो गई है। समाधान यात्रा के क्रम में बांका जिले में विभिन्न योजनाओं का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ठाकुर स्वर्णकार हस्तकला उद्योग के नाम से मशहूर इस क्लस्टर में बहुत बढ़िया ढंग से काम हो रहा है। सभी लोगों की आमदनी काफी बढ़ी है। यहां बनी चांदी की मछली बाहर भी भेजी जा रही है।

दूसरे राज्यों में यहां की चांदी निर्मित मछली बेचने पर परेशान किये जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। इसको लेकर कोई प्रतिबंध नहीं है। यहां के कारोबारी किसी भी राज्य में इसे लेकर जा सकते हैं। हमलोग चाहते है कि सभी लोगों के पास बिहार की चीज पहुंच जाये। इसी को लेकर यहां पर भी काम हो रहा है। यहां तैयार की गई चीजों की बाहर में काफी डिमांड है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कारोबार से जुड़े किसी व्यक्ति को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इसको लेकर हमने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इन लोगों को कोई तंग तो नहीं कर रहा है। यदि कोई ऐसा कर रहा है तो उस पर एक्शन लेने की जरूरत है।

तसर बैंक के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग शुरू से इसको बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं। अब इसका कारोबार काफी बढ़ गया है। पहले इस इलाके में कुछ नहीं होता था। यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित था। अब सिल्क के कारोबार से जुड़ने के कारण लोगों की आर्थिक स्थिति ठीक हो रही है।

मुख्यमंत्री ने करझौसा में तसर अग्र परियोजना के तहत जीविका समूह से संचालित रेशम कोकून केंद्र का भी उद्घाटन किया। साथ ही बांका जिले में 277.03 लाख रुपये की 38 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया।

इस दौरान उन्होंने लेमन ग्रास एवं हनी प्रोसेसिंग प्लांट, मशरूम उत्पादन केंद्र एवं बकरी प्रजनन सह प्रशिक्षण केंद्र का जायजा लिया। 1304 जीविका समूहों को व्यवसाय के लिए 1.67 करोड़ का चेक भी दिया।

 


संबंधित खबरें