पटना। बिहार के निवर्तमान राज्यपाल फागू चौहान के विदाई समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव शामिल हुए। पटना एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर पर आयोजित विदाई समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्यपाल फागू चौहान को पुष्प गुच्छ भेंट कर मेघालय के नये राज्यपाल की जिम्मेवारी के लिए शुभकामनाएं दी। बिहार के नए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर 17 फरवरी को शपथ लेंगे।
राज्यपाल फागू चौहान की विदाई के अवसर पर राज्य सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी एवं अशोक चौधरी, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आरएस भट्टी, अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, राज्यपाल के सचिव आरएन चोंग्थू, पटना प्रमंडल के आयुक्त कुमार रवि, आईजी राकेश राठी, डीएम चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।