मुख्य समाचार

उपेंद्र कुशवाहा ने बनाई राष्ट्रीय लोक जनता दल पार्टी

पटना। उपेंद्र कुशवाहा ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही नई पार्टी राष्ट्रीय लोक जनता दल बनाने एवं एमएलसी पद से इस्तीफा देने की भी घोषणा कर दी। उन्होंने तीसरी बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का साथ छोड़ा है। इससे पहले वे 2005 और 2013 में भी जदयू छोड़ चुके हैं।   

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश जी ने शुरू में अच्छा काम किया। अंत में जिस रास्ते पर उन्होंने चलना शुरू किया है, वह पार्टी के लिए सही नहीं है। वे पड़ोसी के घर में मुख्यमंत्री पद के लिए उत्तराधिकारी खोज रहे हैं। उन्हें अपनी ही पार्टी में उत्तराधिकारी खोजना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि नीतीश जी पहले नेता और कार्यकर्ताओं से बात करते थे। उस दौरान उनके खुद के फैसले सही होते थे। अब वे कोई फैसला स्वयं नहीं लेते हैं। कुछ लोगों की सलाह पर वे गलत रास्ते पर चल रहे हैं। इससे कार्यकर्ता भी परेशान हैं।

इधर, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि उपेंद्र कुशवाहा नई पार्टी बना रहे हैं। हमारी ओर से उन्हें शुभकामनाएं। इससे पहले भी वे कई बार जदयू छोड़ चुके हैं। वे काफी महत्वाकांक्षी हैं।

ललन सिंह ने कहा कि जिस समय उपेंद्र कुशवाहा को कोई लेने के लिए तैयार नहीं था, तब नीतीश जी ने उन्हें सम्मान दिया। राज्यसभा का सदस्य बनाया। इसके बावजूद वे पार्टी विरोधी कार्य करते रहे। मुख्यमंत्री पद के लिए तेजस्वी यादव को उत्तराधिकारी बनाने पर ललन सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2025 में है। जब समय आएगा, तब देखा जाएगा।

 


संबंधित खबरें