पटना। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में नई पार्टी के गठन की घोषणा जदयू में पहला विद्रोह है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी पार्टी को विश्वास में लिए बिना राजद के तेजस्वी यादव को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया। इससे जदयू का कोई विधायक संतुष्ट नहीं है।
उन्होंने कहा कि जदयू के विधायक विधानसभा की सदस्यता छिने जाने के डर से उत्तराधिकारी घोषित करने के विरुद्ध बोल नहीं रहे हैं, लेकिन तेजस्वी यादव को नेता मानने के लिए कोई तैयार नहीं है। इसे जनता भी स्वीकार नहीं करेगी।
बिहार के अतिपिछड़ा समाज ने 15 साल तक कुशासन का जो भयानक दौर देखा है, उसे वह भूल नहीं सकता है। विडंबना है कि जिस परिवार के भ्रष्ट राजपाट के विरुद्ध भाजपा के साथ मिल कर जदयू लड़ता रहा। उसी कुनबे के राजकुमार को नीतीश कुमार अपना उत्तराधिकारी बता रहे हैं।