पटना। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक मनोज शर्मा ने कहा कि भारतीय सेना हमारी आन-बान और शान है। इन्हीं की वजह से हम चैन की नींद सोते हैं। बिहार सरकार के मंत्री सुरेंद्र यादव ने जिस तरह से सेना का अपमान किया है। उसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। सुरेंद्र यादव ने सेना के लिए आपत्तिजनक और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया है। जिसे लिखा भी नहीं जा सकता है।
मनोज शर्मा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आग्रह किया है कि उनके कैबिनेट में इस तरह के व्यक्ति का रहना उनकी गरिमा को धूमिल करता है। सुरेंद्र यादव को देश की जनता और सेना से भी माफी मांगनी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को भी यह देखना चाहिए कि उनके नेता उन्हें ही डुबो रहे हैं। जनता की भारतीय सेना में बड़ी आस्था है। भारतीय सेना में बिहार का बड़ा योगदान है। बिहार रेजीमेंट एक बड़ा रेजिमेंट है। ऐसे में बिहार सरकार के मंत्री का बयान बहुत ही दिल दुखाने वाला है। इसकी जितनी भी आलोचना की जाए कम है।