पटना। बिहार दिवस के अवसर पर गांधी मैदान में कृषि पवेलियन का उद्घाटन कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय समारोह में किसानों को कृषि रोड मैप की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों को सेंटर ऑफ एक्सेलेंस, चंडी (नालंदा) से उत्पादित सब्जी एवं सेटर ऑफ एक्सेलेंस, देसरी (वैशाली) से उत्पादित फलों के पौधरोपन सामग्री को भी खरीदने का मौका मिलेगा।
जैविक उत्पाद के साथ मशरूम एवं मधु भी यहां उपलब्ध हैं। भूमि संरक्षण निदेशालय एवं आत्मा की योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किया जा रहा है।
किसान गोष्ठी एवं सेमिनार के माध्यम से कृषि वैज्ञानिक किसानों को खेती की नवीनतम तकनीक की जानकारी देंगे। कृषि मंत्री ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि बिहार दिवस पर कृषि विभाग की प्रदर्शनी से किसान एवं आम लोगों को लाभ होगा।
इस अवसर पर कृषि सचिव डॉ एन. सरवण कुमार, विशेष सचिव रवींद्र नाथ राय, कृषि निदेशक डॉ आदित्य प्रकाश, उद्यान निदेशक नंद किशोर, संयुक्त निदेशक अनिल कुमार झा, संजय कुमार सिंह एवं शैलेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
