मुख्य समाचार

स्कूल के बच्चों ने देखा, कैसे चलते हैं उद्योग

पटना। बिहार दिवस पर पहली बार स्कूल के बच्चों ने औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण किया। सभी जिलों की 160 औद्योगिक इकाइयों में 4790 बच्चों ने उद्योग संचालन की प्रक्रिया, मार्केटिंग और ब्रांडिंग की जानकारी हासिल की। उद्योग विभाग और शिक्षा विभाग के सामूहिक प्रयास से बच्चों ने औद्योगिक गतिविधियों की जानकारी हासिल की।

स्कूली छात्रों ने छोटी औद्योगिक इकाइयों के साथ बड़ी औद्योगिक इकाइयों का भी भ्रमण किया। उन्होंने सरकारी, अर्धसरकारी तथा निजी क्षेत्र में संचालित इकाइयों की प्रकृति को जाना। साथ ही बड़ी औद्योगिक इकाइयों के संचालन के लिए आवश्यक पूंजी, भूमि, मशीन और श्रम संसाधनों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

बच्चों ने नालंदा जिले में आयुध फैक्ट्री, पटना जिले में गोल्डन डेयरी, हिंदुस्तान कोका कोला, हीरो साइकिल एवं बैग कलस्टर सहित कई इकाइयों का भ्रमण किया। बेगूसराय जिले में बच्चों ने पेप्सीको वरुण बेवरेज प्लांट, कृष्णा राइस मिल और कुमार सीमेंट प्लांट को देखा। गोपालगंज जिले में बच्चों को सिधवलिया का भारत शुगर मिल, हरिओम फीड्स प्राइवेट लिमिटेड और विष्णु शुगर मिल दिखाया गया।

 

 


संबंधित खबरें