मुख्य समाचार

भव्य स्वागत देख भावुक हुए सम्राट चौधरी, कहा कर्ज उतारने की कोशिश करूंगा

पटना। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर सम्राट चौधरी पहली बार प्रदेश कार्यालय पहुंचे। अपने अभिनंदन से अभिभूत चौधरी ने कहा कि विरोधी दलों को हाशिये पर पहुंचाकर आपका कर्ज उतारने का प्रयास करूंगा। बिहार में आने वाले दिनों में केवल भाजपा ही दिखेगी।

कार्यकर्ताओं से मुखर होकर काम करने की अपील करते हुए कहा कि बूथ अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष में ज्यादा अंतर नहीं है। सम्राट चौधरी ने केंद्रीय नेतृत्व को इतना बड़ा दायित्व देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने उम्मीद जतायी कि बिहार के वरिष्ठ नेताओं का सहयोग एवं राष्ट्रीय नेतृत्व का सदैव मार्गदर्शन मिलता रहेगा।

उन्होंने कहा कि बिहार का बजट 2 लाख 61 हजार करोड़ का है। इसमें मात्र 39 हजार करोड़ राज्य सरकार का है। शेष राशि केंद्र सरकार भेजती है। उन्होंने महागठबंधन सरकार को दस लाख लोगों को रोजगार देने के वादे की भी याद दिलाई।

इस मौके पर भाजपा के बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हम सभी मेहनत से 40 सीट जीतेंगे। बिहार के लोग यह महसूस कर रहे हैं कि यूपी और गुजरात की तरह बिहार भी आगे बढ़ सकता है।

अभिनंदन समारोह को निर्वतमान अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, विधानसभा में नेता विपक्ष विजय कुमार सिन्हा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, डॉ सीपी ठाकुर, मंगल पांडे एवं भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, पूर्व उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, प्रदेश संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया, विधायक, पार्षद एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

 

 


संबंधित खबरें