पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में सफल होने वाले सभी परीक्षार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। 2023 की परीक्षा में 16 लाख 10 हजार 657 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। परिणाम में 81.04 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए हैं। यह वर्ष 2022 की तुलना में 1.16 प्रतिशत अधिक है। इस वर्ष की मैट्रिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों का प्रतिशत पिछले दस वर्षों की तुलना में सर्वाधिक है।
मुख्यमंत्री ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति एवं शिक्षा विभाग को भी काफी कम समय में परीक्षा का परिणाम जारी करने के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि समय पर रिजल्ट जारी होने से छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। इससे उनका हौसला बढ़ेगा।
इस बार टॉप दस परीक्षार्थियों में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छह विद्यार्थिंयों में चार छात्राएं हैं। यह महिला सशक्तिकरण का बड़ा उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने छात्राओं के इस प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इसके लिए छात्राओं के साथ उनके अभिभावक भी बधाई के पात्र हैं। लड़कियों के लिए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रही हैं।