मुख्य समाचार

मुजफ्फरपुर में एथेनॉल प्लांट का शुभारंभ, लागत 152 करोड़

मुजफ्फरपुर। जिले के मोतीपुर स्थित अनाज आधारित एथेनॉल प्लांट भारत ऊर्जा डिस्टिलरीज का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया। 23 एकड़ में फैले इस एथेनॉल प्लांट की लागत 152 करोड़ रुपये है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद वीणा देवी एवं एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह के बच्चों ने इस एथेनॉल प्लांट में काफी अच्छा काम किया है। यहां पर्याप्त जगह है। मुजफ्फरपुर जिले में चार जगहों पर एथेनॉल प्लांट लगने हैं। एक पूरा हो गया है और अन्य जगहों पर काम तेजी से बढ़ रहा है। राज्य के अन्य 11 जगहों पर भी काम हो रहा है।

समारोह में मौजूद पूर्व उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन से मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में एथेनॉल प्लांट की संख्या और अधिक बढ़ाने की वे कोशिश करें। केंद्र यदि प्लांट की संख्या बढ़ाएगा, तो इसका क्रेडिट हम आप को ही देंगे। बिहार में एथेनॉल प्लांट लगाने के लिए 152 प्रस्ताव मिले थे, लेकिन केंद्र सरकार ने सिर्फ 17 प्रस्तावों को ही मंजूरी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योग को बढ़ावा देने के लिए काफी काम किए गए हैं। उद्यमियों को राज्य सरकार काफी सुविधाएं दे रही हैं। बिहार में अधिक से अधिक उद्योग लगे। इसके लिए बियाडा की जमीन 80 प्रतिशत छूट पर उद्यमियों को दी जा रही है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत लोगों को उद्योग लगाने के लिए दस लाख रुपये की आर्थिक मदद भी मिल रही है। वर्ष 2018 में उद्यमी योजना का लाभ सिर्फ एससी-एसटी से जुड़े लोगों को मिलता था। वर्ष 2020 में इसे अति पिछड़ा वर्ग के लिए भी शुरू कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार एक गरीब राज्य है, लेकिन आर्थिक विकास दर कई राज्यों की तुलना में सबसे ज्यादा है। बिहार की प्रति व्यक्ति आय 54,383 रुपये है, जबकि देश की प्रति व्यक्ति आय 1.50 लाख रुपये है। अगर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिल जाता, तो बिहार काफी आगे बढ़ जाता।

जनसभा को भारत ऊर्जा डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक शुभम सिंह एवं कोमल सिंह, पूर्व उद्योग मंत्री सह विधान पार्षद शाहनवाज हुसैन, विधान परिषद् के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर, राज्य सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी, समीर कुमार महासेठ एवं जीतेंद्र कुमार राय ने भी संबोधित किया।

 


संबंधित खबरें