मुख्य समाचार

पटना मेट्रो की टनल खुदाई कार्य का शुभारंभ

पटना। मोइन-उल-हक स्टेडियम में पटना मेट्रो रेल परियोजना की टनल खुदाई कार्य का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुभारंभ किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने और जल्द इसे पूरा करने का निर्देश दिया। इस मौके पर पटना मेट्रो की प्रतीक चिह्न का भी अनावरण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो रेल का निर्माण पूरा होने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। मेट्रो ट्रेन कई जगहों पर जमीन के ऊपर एवं कहीं पर अंडरग्राउंड चलेगी। मेट्रो स्टेशन भी जमीन के अंदर ही बनेगा।

पटना में कई जगहों पर मेट्रो निर्माण का काम चल रहा है। इसके लिए फंड की कोई कमी नहीं होगी। फंड की व्यवस्था पहले से की हुई है। जायका से 60 प्रतिशत फंड आना है। इसको लेकर एग्रीमेंट हो गया है। केंद्र सरकार, राज्य सरकार और जायका से फंड मिल रहा है। सभी लोग मिलकर तेजी से काम कर रहे हैं। इसमें कोई दिक्कत नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन की व्यवस्था भी राज्य सरकार ने कर दी है। अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार के समय दिल्ली में मेट्रो निर्माण का काम शुरू हुआ था। उसी आधार पर केंद्र सरकार ने पटना में मेट्रो निर्माण को लेकर एप्रूवल दिया था।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव एवं विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुणीश चावला भी मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें