नई दिल्ली/पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने विपक्ष की सभी पार्टियों को एकजुट करने के लिए दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई इस भेंट को 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अहम माना जा रहा है। इस मौके पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह,आजेडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ मनोज झा एवं जलसंसाधन मंत्री संजय झा भी मौजूद थे।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बातचीत सकारात्मक रही है। अधिक से अधिक पार्टियों को पूरे देश में एक साथ लाने पर चर्चा हुई है। इसके लिए हमलोग कोशिश करेंगे। सभी पार्टियों की सहमति के बाद आगे की रणनीति बनेगी।
राहुल गांधी ने कहा कि सभी पार्टियों के एकजुट होने से देश के लिए विपक्ष के विजन को हम विकसित करेंगे। इस काम में जुड़ने वाली सभी पार्टियों को हम साथ लेकर चलेंगे। देश में विचारधारा की लड़ाई चल रही है। संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है। इनके खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी।
