पटना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने दिल्ली में चल रही विपक्षी एकता की कोशिशों के असफल होने की भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आंधी से विपक्षी दल का मनोबल पूरी तरह टूट चुका है। इसी वजह से कल तक एक दूसरे को कोसने वाले आज एक साथ खड़े होने को मजबूर हैं। 2024 से पहले इनकी एकता ताश के महल की तरह ध्वस्त हो जायेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक व्यक्ति या परिवार के इर्द-गिर्द बने इनके दलों में पहले ही दंगल मचा हुआ है। इनमें हर दूसरा व्यक्ति पीएम उम्मीदवार है। इनकी खुद की पार्टियों में भी भगदड़ मची हुई है। रोजाना इनके नेता थोक के भाव में पार्टी छोड़ कर जा रहे हैं। अगर हिम्मत हो, तो यह बताएं कि इनकी बारात का दूल्हा कौन है?
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का नतमस्तक होना यह दिखाता है कि लोभ और महत्वाकांक्षा किसी व्यक्ति की कैसी दुर्गति कर देता है। कांग्रेस की गोद में बैठे अपने चेलों की मौकापरस्ती देख आज जेपी, लोहिया जैसे महापुरुषों की आत्मा भी कराह रही होगी।