पटना। गैर भाजपा दलों की एकता के लिए हो रहे सार्थक प्रयास का आरजेडी प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के इस पहल से भाजपा में भूचाल आ गया है। दो दिन पहले तक जो लोग विपक्षी एकता का उपहास उड़ा रहे थे, अब उनकी आंखों से नींद उड़ गई है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि अभी तो यह सांकेतिक है। कर्नाटक चुनाव के बाद भाजपा के अंदर ही भारी भूचाल आने वाला है। राष्ट्रीय स्तर पर जिस तरह पार्टी के समर्पित और पुराने नेताओं को दरकिनार कर नये नेताओं को तरजीह दी जा रही है। इससे पार्टी के अंदर जबरदस्त उबाल है। जिन लोगों ने पार्टी को सींच कर सत्ता के शिखर तक पहुंचाया है। आज एक-एक कर उन्हें दरकिनार किया जा रहा है।