पटना। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पूरा विपक्ष मिल कर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुकाबला नहीं कर सकता है। कांग्रेस डूबता जहाज है। गुलाम नबी आजाद से लेकर पूर्व रक्षा मंत्री के पुत्र अनिल एंटनी इसे छोड़ चुके हैं। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में पार्टी विद्रोह का सामना कर रही है।
उन्होंने कहा कि गैरकांग्रेसवाद से शुरुआत करने वाले नीतीश कुमार अब अपने राजनीतिक सफर का अंत कांग्रेस के डूबते जहाज पर करना चाहते हैं। बिहार के लोग यू-टर्न पॉलिटिक्स का क्लाइमेक्स देखेंगे।
नीतीश कुमार कांग्रेस की तरह जदयू को भी डुबो रहे हैं। इसलिए पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह एवं उपेंद्र कुशवाहा और पूर्व सांसद मीना सिंह सहित कई लोगों ने पार्टी छोड़ दी। यह सिलसिला रुकेगा नहीं। सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में सात दल मिल कर भी जब दो उपचुनावों में भाजपा को नहीं हरा सके। तब ये पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सामना कैसे करेंगे?