पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोग केंद्र से विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग लगातार करते रहे हैं, लेकिन आज तक बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला। इसके बावजूद हमलोगों ने बिहार का काफी विकास किया है। ऐसी स्थिति में यदि आप अपना वोट भाजपा को देंगे, तो अपना नाश करेंगे। उनके खिलाफ वोट करेंगे, तो अपना विकास करेंगे।
मुख्यमंत्री भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव आंबेडकर जयंती समारोह के अवसर पर एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज कल हर चीज पर नियंत्रण किया जा रहा है। कुछ लोग मेरे खिलाफ बोल रहे हैं ताकि दिल्ली से उन्हें पारितोषिक मिल जाएगा। वे लोग डरे हुए हैं कि कहीं उनका टिकट न कट जाए।
महागठबंधन की सात पार्टियां बिहार को आगे बढ़ा रही हैं। देश को आगे बढ़ाने के लिए कई दल एकजुट हो रहे हैं। सब लोग एकजुट हो जायेंगे, तो देश आगे बढ़ेगा। गरीबी दूर होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग बाबा साहब के संविधान को मानकर चलते हैं। हमेशा गरीबों की मदद करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। बिहार को आगे बढ़ाने के लिए जिन नई योजनाओं की जरूरत होगी, उसे शुरू करेंगे।
केंद्र में इन दिनों जिनको मौक़ा मिला है। वे काम की बजाय सिर्फ अपना प्रचार करने में लगे हैं। इतिहास बदलने की कोशिश हो रही है। विभिन्न राज्यों के विपक्षी नेताओं को परेशान किया जा रहा है। एकजुटता को लेकर सभी लोगों की बात हो गई है।
सभी लोग एकजुट होने के लिए तैयार हैं। बहुत जल्द सारी बातें सामने आ जायेंगी। उन्होंने कहा कि हमारा उदेश्य है कि अधिक से अधिक लोग एक साथ आएं। फिर सब साथ बैठकर आगे की रणनीति तय करेंगे।