पटना। निर्वाचन आयोग ने बिहार की मोनिका दास को स्टेट ट्रांसजेंडर आइकन बनाया है। भारत निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मोनिका दास को स्टेट ट्रांसजेंडर आइकन बनाने का प्रस्ताव भेजा था।

मोनिका ट्रांसजेंडर समुदाय से आती हैं। अभी वे केनरा बैंक की कंकड़बाग शाखा में अधिकारी हैं। निर्वाचन प्रक्रिया में ट्रांसजेंडर समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की उन्हें जिम्मेवारी दी गई है। मोनिका दास पटना लॉ कॉलेज से ग्रेजुएट हैं। 2020 बिहार विधानसभा चुनाव में राज्य की पहली ट्रांसजेंडर पीठासीन पदाधिकारी के रूप में वे कार्य कर चुकी हैं।