मुख्य समाचार

पेयजल की पूरी व्यवस्था करने का सीएम ने दिया निर्देश

पटना। सुखाड़, बाढ़ एवं अन्य आपदाओं की स्थिति में संबंधित विभागों को पूरी तैयारी रखने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष गर्मी ज्यादा है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी तैयारी रखें और लोगों को सचेत करें।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पेयजल का इंतजाम और जल स्तर पर नजर रखिए। हर घर नल का जल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसे मेंटेन रखना है। सभी डीएम अपने जिलों में जाकर स्थिति का आकलन करें। राज्य सरकार बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति में प्रभावितों की मदद करती है।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मॉनसून से पहले सभी तैयारियां पूरी कर लें। जिन जिलों में बाढ़ आश्रय स्थल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है, वहां तेजी से इस पर कार्य करें। पिछले वर्ष सामुदायिक रसोई का संचालन बेहतर ढंग से किया गया था। इस वर्ष भी बाढ़ की स्थिति में सामुदायिक रसोई का संचालन अच्छे से होना चाहिए।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक ने बैठक में बताया कि बिहार समेत देश के अधिकतर हिस्सों में अप्रैल-मई महीने में सामान्य से अधिक तापमान रहेगा। इस दौरान लू चलने की भी संभावना है। मॉनसून में 96 प्रतिशत औसत वर्षा एवं बिहार में 952 मिलीमीटर बारिश होने का पूर्वानुमान है। संबंधित विभागों के प्रधान सचिव ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव समेत कई विभागों के मंत्री मौजूद रहे। सभी प्रमंडलीय आयुक्त, आईजी, डीआईजी, डीएम एवं एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े हुए थे।

 


संबंधित खबरें