पटना। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी एवं नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में मिला।
राज्यपाल को साैंपे ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने अनुरोध किया कि सासाराम एवं नालंदा में रामनवमी की शोभा यात्रा के दौरान हुई हिंसक घटना की उच्च स्तरीय जांच पटना हाईकोर्ट के किसी न्यायाधीश की अध्यक्षता में कराई जाए। इससे बिहार में पीएफआई जैसी गतिविधि संचालित करने वाले एवं उन्हें संरक्षित करने वाले बेनकाब हो सकेंगे ।

रामनवमी शोभा यात्रा जुलूस के लिए जिला प्रशासन से अनुमति लेने के बावजूद नालंदा में बजरंग दल के संयोजक पर कार्रवाई तथा सासाराम में भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद को बिना किसी कारण गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया गया। जवाहर प्रसाद ने प्रशासन को पहले बताया था कि किस तरह पीएफआई के कार्यकर्ता अशांति फैला रहे हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने उन्हें ही जेल भेज दिया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेता : पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव, डॉ प्रेम कुमार एवं जनक राम, विधान परिषद के पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधानसभा में विरोधी दल के मुख्य सचेतक जनक सिंह, एमएलसी नवल किशोर यादव एवं निवेदिता सिंह।