मुख्य समाचार

नीरा सभी उम्र के लोगों के लिए स्वास्थ्यवर्धक पेय  

पटना। बिस्कोमान भवन, गांधी मैदान के समीप नीरा बिक्री केंद्र का शुभारंभ डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने किया। यह पटना जिले का 216वां बिक्री केंद्र है। इसके साथ ही जंक्शन गोलंबर के नजदीक 217वें केंद्र का उद्घाटन सदर एसडीओ श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर ने किया। 

इस मौके पर डीएम ने कहा कि नीरा एक स्वास्थ्यवर्धक प्राकृतिक पेय है। यह सभी उम्र के लोगों के लिए लाभकारी है। नीरा बिक्री केंद्र पर नीरा से बने उत्पाद बर्फी, लड्डू, पेड़ा एवं आइसक्रीम भी उपलब्ध हैं।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार नीरा उत्पाद को बढ़ावा देने एवं जीविका से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नीरा बिक्री केंद्रों की स्थापना की जा रही है। पटना जिला के अंतर्गत चालू वर्ष में अब तक 216 नीरा कैफे के जरिये 2,19,036 लीटर नीरा की बिक्री की गई है। प्रतिदिन दस से बारह हजार लीटर नीरा की बिक्री हो रही है। इस वर्ष का लक्ष्य लगभग पांच लाख लीटर है। 

डीएम ने जीविका के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सार्वजनिक स्थलों पर नीरा बिक्री केंद्र खोलने के साथ इसका प्रचार-प्रसार भी करें। इससे अधिक से अधिक लोगों को जानकारी मिलेगी। उन्होंने मांग-आपूर्ति तंत्र एवं मार्केटिंग प्रबंधन को दुरुस्त करने का भी निर्देश दिया। इस अवसर पर डीडीसी तनय सुल्तानिया, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी लोकेश कुमार झा एवं जीविका के जिला कार्यक्रम प्रबंधक मुकेश समल भी मौजूद रहे। 


 


संबंधित खबरें